हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
परतावल/महराजगंज। उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ का पाँचवाँ स्थापना दिवस सोमवार को नगर पंचायत परतावल स्थित प्राथमिक विद्यालय छातीराम में धूमधाम और गरिमामय माहौल में मनाया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर अपराह्न तीन बजे से जिलाध्यक्ष वंदना त्रिपाठी के कुशल नेतृत्व में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं जिलाध्यक्ष वंदना त्रिपाठी द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत संघ के पाँचवें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सभी पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से केक काटकर खुशी का इजहार किया।
मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा ने उपस्थित अध्यापिकाओं को संबोधित करते हुए महिला शिक्षक संघ की पाँच वर्षों की गौरवपूर्ण उपलब्धियों पर बधाई देते हुए संगठन की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिला शिक्षक समाज निर्माण की मजबूत नींव हैं।
जिलाध्यक्ष वंदना त्रिपाठी ने अपने संबोधन में महिला सशक्तिकरण, शिक्षा में महिलाओं की भूमिका, शैक्षिक क्रांति एवं समानता जैसे विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. पूजा शुक्ला ने किया। इस अवसर पर महिला शिक्षक संघ की महामंत्री डॉ. अनामिका, वरिष्ठ उपाध्यक्ष वसीम बानो, ब्लॉक अध्यक्ष सीमा सिंह, नेहा सिंह, निमिषा पटेल, सौम्या रानी, सरिता यादव, अल्का मिश्रा, किरण सिंह, प्रियरंजना सिंह सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहीं।
इसके अलावा प्राथमिक शिक्षक संघ ब्लॉक परतावल के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, इंद्रजीत तिवारी, के.एन. त्रिपाठी सहित कई गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत सुमन एवं प्रियंका द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया, वहीं नेहा सिंह एवं डॉ. अनामिका ने नारी विषयक कविताओं से सभी को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण एवं संगठन को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ किया गया।


