फरेंदा हत्याकांड का खुलासा: चार दिन बाद खेत से मिला शव, दो युवक व एक नाबालिग हिरासत में
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। प्रेम संबंधों के उजागर होने की आशंका और सामाजिक बदनामी के भय ने एक 17 वर्षीय किशोर की बेरहमी से हत्या करा दी। थाना फरेंदा क्षेत्र में हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों और एक नाबालिग अपचारी को गिरफ्तार किया है। हत्या के बाद शव को गेहूं के खेत में छिपाकर मामले को गुमशुदगी का रूप देने की कोशिश की गई थी।
थाना क्षेत्र के बैकुण्ठपुर निवासी आदित्य चौरसिया (17) दो फरवरी की शाम तिलक-एनिवर्सरी कार्यक्रम देखने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन फिर वापस नहीं लौटा। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की। चार दिन बाद छह फरवरी को फरेंदा थाना क्षेत्र के टॉप महदेवा गांव स्थित दबौलिया पोखरा के पास एक गेहूं के खेत से आदित्य का शव बरामद हुआ, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आदित्य का प्रेम संबंध मुख्य आरोपी मथुरा गुप्ता की नाबालिग बेटी से था। यह बात समाज में फैलने के डर से आरोपियों ने साजिश रची और आदित्य को बहाने से बुलाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को खेत में छिपा दिया गया, ताकि किसी को शक न हो।
पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वायड और सर्विलांस की मदद से साक्ष्य जुटाए। पुख्ता सबूत मिलने पर पुलिस ने मथुरा गुप्ता, प्रदीप गुप्ता तथा एक नाबालिग अपचारी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन और हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।


