हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज जनपद के सदर तहसील अंतर्गत ग्राम सभा जड़ार में आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक जागरण को सशक्त बनाने के उद्देश्य से श्रीमद् पावन प्रज्ञा पुराण कथा एवं गायत्री महायज्ञ का भव्य आयोजन 8 फरवरी 2026 से किया जाएगा। चार दिवसीय यह धार्मिक अनुष्ठान 11 फरवरी 2026 को पूर्णाहुति एवं दीपयज्ञ के साथ संपन्न होगा। आयोजन की शुरुआत ॐ भूर्भुवः स्वः के पावन मंत्रोच्चार के साथ होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता की अपेक्षा है।
आयोजकों के अनुसार इस दिव्य आयोजन का मुख्य उद्देश्य राष्ट्र को समर्थ, सशक्त एवं जीवन्त बनाना है। कथा व महायज्ञ के माध्यम से आध्यात्मिक मूल्यों के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व का बोध कराया जाएगा, ताकि व्यक्ति अपने जीवन को संस्कारयुक्त और उद्देश्यपूर्ण बना सके।
कार्यक्रम के अंतर्गत सात सूत्रीय आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है। इसमें आत्मतत्त्व का बोध, शिक्षा व जीवन में संस्कारों का समावेश, स्वास्थ्य संवर्धन हेतु जीवनी शक्ति के अपव्यय पर रोक, स्वावलंबन के लिए कुटीर उद्योगों का विकास, नारी जागरण व सम्मान, पर्यावरण संरक्षण तथा व्यसन, नशा व अंधविश्वास जैसी कुरीतियों के उन्मूलन जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।
आयोजक मंडल ने सभी श्रद्धालुओं एवं प्रबुद्ध नागरिकों से अपील की है कि वे इस पुण्य आयोजन में सहभागी बनकर आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक जागरण और राष्ट्र निर्माण के इस महायज्ञ को सफल बनाएं। आयोजकों का कहना है कि जनसहभागिता से ही ऐसे आयोजनों के उद्देश्य साकार हो सकते हैं और समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है।


