सावित्री पब्लिक स्कूल में छात्र परिषद का गठन, आराध्या बनीं स्कूल प्रेसिडेंट, सत्यम को मिली उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



शपथ ग्रहण समारोह में छात्र प्रतिनिधियों ने निभाई नेतृत्व और अनुशासन की जिम्मेदारी, निदेशक ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


परतावल (महराजगंज)।सावित्री पब्लिक स्कूल, परतावल में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए छात्र परिषद का गठन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के दौरान नवचयनित छात्र प्रतिनिधियों को पद, कर्तव्य एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। विद्यालय प्रबंधन ने छात्र नेतृत्व को सशक्त बनाने और उनमें जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न पदों पर छात्रों का चयन किया।


छात्र परिषद में कक्षा 11 की आराध्या त्रिपाठी को स्कूल प्रेसिडेंट तथा सत्यम यादव को वाइस प्रेसिडेंट बनाया गया। वहीं कक्षा 12 की वैभवी तिवारी को ओवरऑल असेंबली की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा असेंबली व्यवस्था, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों, अनुशासन व्यवस्था और विभिन्न हाउसों के लिए भी छात्र-छात्राओं को जिम्मेदारियां प्रदान की गईं।


विद्यालय प्रशासन ने रेड, ब्लू, ग्रीन और येलो हाउस के लिए अलग-अलग हाउस कैप्टनों का चयन किया। साथ ही कक्षा 1 से 12 तक प्रत्येक कक्षा के लिए क्लास हेड भी नियुक्त किए गए, जो पूरे शैक्षणिक सत्र में अनुशासन, नेतृत्व और शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।


समारोह में विद्यालय के निदेशक बी.के. पांडे ने सभी नवनिर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाते हुए कहा कि नेतृत्व केवल अधिकार नहीं बल्कि जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी, अनुशासन और सेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।


सहायक निदेशक श्रीमती जया पांडे ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने आचरण से अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनें और विद्यालय के अनुशासन एवं शैक्षणिक वातावरण को और बेहतर बनाने में सहयोग करें।


प्रधानाचार्या श्रीमती प्रीति पांडे ने छात्र परिषद के सदस्यों को उनके दायित्वों का बोध कराते हुए कहा कि एक सफल छात्र नेता वही होता है जो अपने साथियों को आगे बढ़ाने में सहयोग करे। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों से नए शैक्षणिक सत्र को अनुशासित एवं सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।


कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन एल.एन. पांडे, वाइस प्रिंसिपल बी.एम. मिश्रा, शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समारोह का समापन सभी चयनित प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देने के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *