हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के ग्राम पतालकुई में किसानों के लिए परेशानी का सबब बनी पम्पिंग सेट चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को दबोचते हुए चोरी गए दोनों पम्पिंग सेट बरामद कर लिए हैं, जिससे इलाके के किसानों ने राहत महसूस की है।
बीते 31 जनवरी की रात पतालकुई गांव के खेतों में सिंचाई के लिए लगाए गए दो पम्पिंग सेट चोरी हो गए थे। घटना के बाद पीड़ित किसानों की शिकायत पर घुघली थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम लगातार संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई थी।
शनिवार सुबह मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पतालकुई नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर तीन युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उन्होंने पम्पिंग सेट चोरी की वारदात कबूल की। आरोपियों की निशानदेही पर पदमा और स्वदेश कंपनी के चोरी गए पम्पिंग सेट भी बरामद कर लिए गए।
गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है, वहीं किसान वर्ग ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।


