फरेंदा में रहस्यमयी मौत से दहशत, दावत में गया युवक चार दिन बाद पोखर किनारे मिला मृत

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



महराजगंज। फरेंदा थाना क्षेत्र में एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बैकुंठपुर गांव निवासी आदित्य चौरसिया बीते 2 फरवरी की रात एक दावत में शामिल होने के लिए घर से निकले थे, लेकिन उसके बाद उनका कोई पता नहीं चल सका।


परिजनों द्वारा लगातार तलाश के बावजूद जब युवक का कहीं कोई सुराग नहीं मिला, तो 4 फरवरी को फरेंदा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। इसके बाद भी आदित्य का पता नहीं चल पाया।


शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे लेजार महदेवा गांव के समीप खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों की नजर गेहूं के खेत के पास स्थित पोखर के किनारे पड़े एक शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त आदित्य चौरसिया के रूप में की।


पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *