घुघली के डीएवी नारंग इंटर कॉलेज में  समर कैंप का आयोजन

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

समर कैंप योग सूक्ष्म विज्ञान पर आधारित: अजय कुमार श्रीवास्तव

पुरैना, महाराजगंज। उपनगर घुघली स्थित डीएवी नारंग इंटर कॉलेज में समर कैंप के अवसर पर योग और व्यायाम सत्र का आयोजन किया गया। इस दौरान खेल शिक्षक अजय कुमार श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग एक सूक्ष्म विज्ञान है, जो मन और शरीर के बीच सामंजस्य स्थापित करता है। यह स्वस्थ जीवन जीने की कला और विज्ञान दोनों है। योग का अर्थ ही है जोड़ना। योग के अभ्यास से व्यक्ति निरोग रहता है और उसके शरीर में ऊर्जा का संचार होता है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन योग और व्यायाम करना चाहिए ताकि मानसिक और शारीरिक रूप से संतुलित जीवन जिया जा सके। योग के माध्यम से व्यक्ति की एकाग्रता, सहनशक्ति और आत्मबल भी बढ़ता है।

समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री मारकंडेय सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग से व्यक्ति की चेतना जागृत होती है, जो न केवल मन और शरीर को स्वस्थ रखती है, बल्कि प्रकृति और मानव जीवन के बीच समन्वय का माध्यम भी बनती है। उन्होंने बताया कि योग का इतिहास हजारों वर्षों पुराना है, जिसकी शुरुआत प्राचीन ऋषि-मुनियों ने की थी।

प्रधानाचार्य श्री सिंह ने छात्रों से अपील की कि योग को केवल समर कैंप तक ही सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का प्रयास करें। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि छात्र नियमित रूप से योग करेंगे, तो वे निश्चित रूप से एक दिन सफलता की ऊँचाइयों को छू सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *