परतावल में सड़क हादसे के बाद एक व्यक्ति की मौत, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज जनपद के परतावल क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। कुशीनगर जनपद निवासी गोपाल यादव की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि समय पर एम्बुलेंस न मिलने के कारण इलाज में देरी हुई और उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

मिली जानकारी के अनुसार, गोपाल यादव अपने गांव सुकरौली से इंद्रपुर होते हुए चौपरिया जा रहे थे। इसी दौरान श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया।
परिजनों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र पर एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं थी। मजबूरी में उन्हें घायल को निजी वाहन से जिला अस्पताल ले जाना पड़ा, जहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने गोपाल यादव को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते एम्बुलेंस मिल जाती तो शायद गोपाल यादव की जान बचाई जा सकती थी। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा है और स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

