बेटी से मिलकर लौट रहे बुजुर्ग की रास्ते में थमी सांसें, नहर किनारे साइकिल से गिरकर मौत

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज। सिन्दुरिया थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। बेटी से मिलकर घर लौट रहे एक बुजुर्ग की रास्ते में अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिससे नहर किनारे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना सिन्दुरिया क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीपुर एकडंगा छोटका टोला निवासी 70 वर्षीय बनारसी गौड़ अपनी बेटी से मिलने ग्राम परसामीर गए हुए थे। गुरुवार को वह साइकिल से वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह कुइयां कंचनपुर के पास देवरिया शाखा नहर के समीप पहुंचे, अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे साइकिल से गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गिरते ही उनकी सांसें थम गईं।


घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में नियमानुसार आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।


बुजुर्ग की अचानक हुई मौत से परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। ग्रामीणों की आंखें नम हैं और हर कोई इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *