हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महाराजगंज जिले के थाना नौतनवा क्षेत्र के अड्डा बाजार चौकी अंतर्गत ग्राम अड्डा में चोरों ने एक मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है।
पीड़ित लक्ष्मी मद्धेशिया पुत्र स्वर्गीय श्रीराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 2 फरवरी 2026 की रात अज्ञात चोर उनके घर में घुस आए। चोरों ने घर के अंदर रखे संदूक और बक्से को तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात निकाल लिए और फरार हो गए।

चोरी गए आभूषणों में चार सोने के कंगन, मंगलसूत्र, अंगूठी, माला, झुमकी, टीका, नथिया, बाली सहित करीब 200 ग्राम चांदी की पायल शामिल है। इसके अलावा लगभग 10 से 15 ग्राम सोना भी गायब बताया गया है। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 11 लाख रुपये आंकी गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
थाना प्रभारी पुरुषोत्तम राव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



