गोरखपुर में सनसनी: टॉयलेट की छत पर युवक की नग्न लाश, हाथ में मिला कंडोम पैकेट, हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

उत्तर प्रदेश गोरखपुर


गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। हाईवे किनारे एक आटा चक्की के टॉयलेट की छत पर युवक की नग्न लाश मिलने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


मृतक की पहचान गगहा थाना क्षेत्र के रावत पार गांव निवासी 28 वर्षीय ऋषभ यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने पिता के साथ बैंकॉक में काम करता था और बहन की शादी में शामिल होने के लिए 19 फरवरी को गांव आया था। शादी के बाद 10 मार्च को पिता वापस लौट गए, लेकिन ऋषभ गांव में ही रुक गया था।


रहस्यमय हालात में मिला शव


गुरुवार सुबह उसकी लाश एक आटा चक्की के टॉयलेट की छत पर मिली। हैरानी की बात यह है कि उसके कपड़े करीब 25 मीटर दूर एक पेड़ पर लटके मिले, जबकि युवक के हाथ में कंडोम का पैकेट पाया गया। इस घटना ने मामले को और भी रहस्यमय बना दिया है।


परिजनों ने जताई हत्या की आशंका


घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। बेटे का शव देखते ही मां बेसुध हो गई, वहीं पत्नी अपने दो छोटे बच्चों के साथ बिलखती रही। परिजनों का आरोप है कि ऋषभ की हत्या की गई है और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।


पुलिस जांच में जुटी


सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि अभी तक मौत के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट प्रमाण नहीं मिला है।


शरीर पर हल्के निशान


एसएसपी डॉ. कौस्तुभ के अनुसार युवक के शरीर पर गंभीर चोट के निशान नहीं हैं, हालांकि पेट के पास हल्के कट और छिलने के निशान पाए गए हैं। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।


गांव में पसरा सन्नाटा


घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। लोग इस रहस्यमय मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं, जबकि पुलिस सच्चाई तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *