महराजगंज में मनरेगा श्रम बजट पर मंथन, 70.38 लाख मानव दिवस का प्रस्ताव

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


महराजगंज, 02 फरवरी। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मनरेगा योजना अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026–27 के श्रम बजट एवं कार्ययोजना को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यदायी संस्थाओं, समस्त खंड विकास अधिकारियों तथा ब्लॉक प्रमुखों ने प्रतिभाग किया।


बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी विकासखंडों के ब्लॉक प्रमुखों एवं अधिकारियों से संवाद करते हुए निर्देशित किया कि श्रम बजट से संबंधित कार्ययोजना का अनुमोदन अनिवार्य रूप से क्षेत्र पंचायत की बैठक में कराया जाए। सभी ब्लॉक प्रमुखों ने आश्वस्त किया कि उनके विकासखंडों की कार्ययोजना एवं लेबर बजट मनरेगा अधिनियम, नियमावली तथा शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तैयार किए गए हैं और ग्राम पंचायत स्तर पर भी बैठक आयोजित कर अनुमोदन प्राप्त किया जा चुका है।


बताया गया कि जनपद से मनरेगा योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए अनुमानित 70,38,217 मानव दिवस सृजन तथा 29,560.52 लाख रुपये का बजट शासन को प्रेषित किया जा रहा है।


जिलाधिकारी ने सभी बीडीओ को निर्देश दिया कि कार्ययोजना ग्राम स्तर पर वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप ही तैयार की जाए। साथ ही मनरेगा कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपादित कराने, नियमित पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की शिथिलता पाए जाने पर संबंधित की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।


उन्होंने यह भी कहा कि मनरेगा के अंतर्गत कार्यरत सक्रिय मजदूरों की ई-केवाईसी प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कराया जाए। इस पर उपायुक्त श्रम रोजगार ने जानकारी दी कि जनपद में लगभग 2.86 लाख श्रमिक पंजीकृत हैं, जिनमें से 1.51 लाख श्रमिकों की ई-केवाईसी पूर्ण की जा चुकी है।


बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, उपायुक्त श्रम रोजगार गौरवेंद्र सिंह, परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *