महराजगंज। निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के तहत भारत के बाहर जन्मे भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। इस संबंध में जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी महराजगंज कार्यालय से सभी उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी पत्र के अनुसार अब तक भारत के बाहर जन्मे भारतीय नागरिक फॉर्म-6 या फॉर्म-6ए के माध्यम से नए मतदाता के रूप में आवेदन नहीं कर पा रहे थे, क्योंकि जन्म स्थान के रूप में “भारत के बाहर” दर्ज करने की कोई व्यवस्था नहीं थी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर इस समस्या का समाधान कर लिया गया है।
नई व्यवस्था के तहत ईआरओ नेट एवं बीएलओ ऐप के डेटा एंट्री मॉड्यूल में जन्म स्थान के रूप में “Outside India” का विकल्प सक्रिय कर दिया गया है, साथ ही संबंधित देश का नाम दर्ज करने के लिए अलग से टेक्स्ट बॉक्स की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। ऐसे पात्र आवेदक अब फॉर्म-6 या फॉर्म-6ए को भौतिक रूप से भरकर संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी या बूथ लेवल अधिकारी के पास जमा कर सकेंगे।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में इस नई व्यवस्था का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल हो सकें। जिला सूचना अधिकारी को भी निर्देश दिए गए हैं कि इस सूचना को दैनिक समाचार पत्रों में निःशुल्क प्रकाशित कराकर आमजन तक पहुंचाया जाए।


