हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत परतावल स्थित वार्ड संख्या 11 स्वतंत्रता सेनानी नगर में एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। घर के बाहर साइकिल से खेल रहा चार वर्षीय बालक राजवीर प्रजापति अचानक संतुलन खो बैठा और पास स्थित पोखरे में जा गिरा, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, घटना के समय बालक के परिजन किसी काम में व्यस्त थे और लड़का राजवीर खेलते-खेलते कब पोखरे की ओर चला गया, किसी को भनक तक नहीं लगी। जैसे ही आसपास के लोगों की नजर पड़ी, अफरा-तफरी मच गई और बच्चे को बाहर निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
शाम होते-होते श्मशान घाट पर मासूम का अंतिम संस्कार कर दिया गया। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है।


