परतावल/महाराजगंज। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के सुमेरगढ़ विचला टोला की एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए उत्पीड़न, मारपीट और घर से निकालने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता रागिनी सिंह का कहना है कि उसकी शादी करीब दो वर्ष पूर्व हुई थी, लेकिन शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल में दहेज को लेकर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना शुरू हो गई।
पीड़िता के अनुसार सास गिरजा देवी, ससुर रामभवन सिंह, देवर आदित्य सिंह और पति बलिराम सिंह लगातार दो लाख रुपये नकद व सोने के गहनों की मांग करते रहे। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर करीब डेढ़ वर्ष पूर्व उसे उसके मासूम बच्चे सहित घर से निकाल दिया गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
वर्तमान में पीड़िता अपने एक वर्षीय पुत्र के साथ मायके में रह रही है। उसने ससुराल पक्ष पर भरण-पोषण न देने का भी आरोप लगाया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और प्रकरण की जांच की जा रही है।


