24 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गंगा डॉल्फिन का सफल रेस्क्यू

उत्तर प्रदेश कुशीनगर महाराजगंज


वन विभाग, पुलिस और TSA की संयुक्त टीम ने सिसवा शुक्ल नहर के पास चलाया अभियान, मेडिकल जांच के बाद प्राकृतिक आवास में छोड़ी जाएगी

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


परतावल/महराजगंज-कुशीनगर। महराजगंज जिले की देवरिया शाखा नहर में पिछले एक सप्ताह से दिखाई दे रही गंगा डॉल्फिन का करीब 24 घंटे तक चले विशेष रेस्क्यू अभियान के बाद सोमवार को कुशीनगर जनपद के कप्तानगंज ब्लॉक अंतर्गत सिसवा शुक्ल नहर के समीप सफलतापूर्वक सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। अभियान वन विभाग की टीम ने टर्टल सर्वाइवल एलायंस (TSA) के विशेषज्ञों, स्थानीय पुलिस तथा बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीणों के सहयोग से पूरा किया।


जानकारी के अनुसार, डॉल्फिन के रेस्क्यू के लिए गोरखपुर, महराजगंज और कुशीनगर वन प्रभाग की संयुक्त टीम के साथ लखनऊ से आए टर्टल सर्वाइवल एलायंस (TSA) के विशेषज्ञ लगातार अभियान में जुटे रहे। डॉल्फिन लगातार नहर में अपना स्थान बदल रही थी, जिससे रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण बना रहा।


सोमवार को सिसवा शुक्ल नहर के पास अनुकूल परिस्थितियां मिलने पर विशेषज्ञों ने सुनियोजित रणनीति के तहत ऑपरेशन चलाया और डॉल्फिन को बिना किसी चोट के सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। पूरे अभियान के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा गया कि डॉल्फिन को किसी प्रकार की क्षति न पहुंचे।


रेस्क्यू अभियान के समय वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ स्थानीय थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी अभियान को देखने के लिए एकत्र हुए और आवश्यक सहयोग प्रदान किया।


वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि डॉल्फिन का स्वास्थ्य परीक्षण (मेडिकल चेकअप) कराने के बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ा जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि तीनों वन प्रभागों, टर्टल सर्वाइवल एलायंस (TSA), स्थानीय पुलिस तथा आमजन के बेहतर समन्वय और सतत प्रयासों से यह अभियान सफल हो सका।


वन विभाग ने अभियान में सहयोग करने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिसकर्मियों, विशेषज्ञों और स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए लोगों से अपील की कि यदि कहीं गंगा डॉल्फिन या अन्य वन्यजीव दिखाई दें तो उन्हें नुकसान पहुंचाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

24 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गंगा डॉल्फिन का सफल रेस्क्यू

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *