सदर विधायक ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

महराजगंज, 28 अगस्त। सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने बुधवार को घुघली विकास खंड के कई गांवों का दौरा कर चौपालों के माध्यम से ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने आमजन की समस्याएं सुनीं और उन्हें शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।

विधायक ने ग्राम सभा पुरैना, अहिरौली, पिपरिया, पातलकुई, भरवालिया, पोखरभिंडा में आयोजित चौपालों में ग्रामीणों से मुलाकात की। ग्रामीणों ने सड़क, नाली, आवास, विद्युत आपूर्ति और राशन वितरण जैसी स्थानीय समस्याओं को सामने रखा। जिस पर विधायक ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

श्री कन्नौजिया ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीबों, किसानों और श्रमिकों के हित में लगातार काम कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन और मुफ्त राशन योजना जैसी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी और कहा कि इनसे सीधे लाभार्थियों को फायदा मिल रहा है।

सदर विधायक ने पूर्ववर्ती गैर भाजपाई सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले योजनाएं सिर्फ कागजों पर चलती थीं और भ्रष्टाचार चरम पर था। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र पर काम कर रही है, जिससे प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और विकास कार्यों में पारदर्शिता आई है।

चौपाल कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश जायसवाल, मंडल अध्यक्ष हेमंत गुप्ता, मंडल महामंत्री मनोज जायसवाल, हेमराज चौधरी, मान सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य नाथू चौधरी, पूर्व मंडल अध्यक्ष राम कोमल चौधरी, निहाल सिंह, राधेश्याम गुप्ता, गुड्डू सिंह, दिनेश गिरी उर्फ पेड़ बाबा, पूर्व प्रधान अजय पटेल, प्रधान सुनील मधेशिया समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *