हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल/ महराजगंज जिले में मनरेगा कार्यों की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने शुक्रवार को परतावल विकास खंड के ग्राम पंचायत बनकटिया में चल रहे बीबी-जी राम जी कार्य का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने कार्यस्थल पर मौजूद मजदूरों की स्वयं उपस्थिति जांची और मास्टर रोल के अनुसार एक-एक कर हाजिरी ली।

डीएम ने मास्टर रोल में दर्ज नामों का मौके पर मौजूद मजदूरों से मिलान किया और स्पष्ट निर्देश दिए कि मास्टर रोल में केवल उन्हीं मजदूरों के नाम दर्ज हों, जो वास्तव में कार्यस्थल पर कार्य कर रहे हों। उन्होंने डीसी मनरेगा एवं संबंधित अधिकारियों को ऑनलाइन हाजिरी की व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय बीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत गुदरी के खेत से परतावल सिवान तक मिट्टी भराई का कार्य संचालित पाया गया। जांच के दौरान कुल सात मास्टर रोल पर 24 मजदूरों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज मिली, जिसकी डीएम ने मौके पर पुष्टि की।
इस अवसर पर डीसी मनरेगा गौरवेंद्र सिंह, एपीओ दिलीप कुमार गौतम सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। डीएम ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि मनरेगा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या फर्जीवाड़ा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



