कई महीनों से खराब है हाईमास्ट लाइट, अंधेरे में डूबा सिसवां मुंशी चौराहा

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

ग्रामीणों व दुकानदारों को हो रही भारी परेशानी, प्रशासनिक उदासीनता पर सवाल

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज जिले के विकास खण्ड परतावल अंतर्गत ग्राम सभा सिसवां मुंशी के मुख्य चौराहे पर लगा हाईमास्ट लाइट पिछले कई महीनों से खराब पड़ा हुआ है। हाईमास्ट के बंद रहने से पूरा चौराहा शाम ढलते ही अंधेरे में डूब जाता है, जिससे ग्रामीणों, राहगीरों और दुकानदारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासनिक उदासीनता के चलते यह हाईमास्ट अब केवल शोपीस बनकर रह गया है।


चौराहे पर अंधेरा छाए रहने के कारण आवागमन में कठिनाई होती है, वहीं रात के समय दुर्घटना और असामाजिक गतिविधियों की आशंका भी बनी रहती है। दुकानदारों ने बताया कि अंधेरे की वजह से बाजार की रौनक प्रभावित हो रही है और ग्राहक भी कम आने लगे हैं, जिससे व्यापार पर सीधा असर पड़ रहा है।


स्थानीय निवासी डॉ. गिरजा शंकर सिंह, सैफुल्लाह, प्रमोद और सरफराज वैभव ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार मांग के बावजूद हाईमास्ट लाइट की मरम्मत नहीं कराई जा रही है।


वहीं दुकानदार सरफराज, अरसद, कुनाल, मनोज, अजमल, अख्तर खान और प्रमोद गुप्ता ने प्रशासन से शीघ्र खराब पड़े हाईमास्ट लाइट को ठीक कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि चौराहे पर पर्याप्त रोशनी न होने से लोगों की सुरक्षा खतरे में है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *