हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
भिटौली/महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र में लगातार हो रही मंदिरों की दानपेटी चोरी की घटनाएं पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। ग्राम पंचायत भैंसा स्थित मंदिर से दानपेटी चोरी होने की घटना ने एक बार फिर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।
मंदिर के पुजारी राम आशीष तिवारी ने बताया कि 28 जनवरी 2026 की सुबह लगभग 5 बजे मंदिर पहुंचने पर दानपेटी गायब मिली। उन्होंने इस संबंध में भिटौली थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
चौंकाने वाली बात यह है कि बीते एक माह के भीतर यह तीसरी चोरी की घटना है। बावजूद इसके अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं हो सका है। इससे ग्रामीणों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि मंदिरों में सुरक्षा कैमरे लगाए जाएं, रात्रि गश्त को प्रभावी बनाया जाए और दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और चोरों की तलाश जारी है।




