घुघली नगर पंचायत में तिरंगे की गरिमा से खिलवाड़, महीनों तक फटा ध्वज लगा रहा

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स/ बिमलेश कुमार पाण्डेय

महाराजगंज।घुघली नगर पंचायत में राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा को ठेस पहुंचाने का मामला सामने आया है। नगर पंचायत परिसर में फटा हुआ तिरंगा महीनों तक लगा रहा, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने समय रहते उसे हटाने या बदलने की जहमत नहीं उठाई। इस लापरवाही से प्रशासनिक संवेदनहीनता उजागर हुई है और आमजन में नाराजगी देखी जा रही है।


मामला सामने आने के बाद नगर पंचायत की अतिरिक्त प्रभार अधिशासी अधिकारी कनुप्रिया शाही ने बताया कि फटे राष्ट्रीय ध्वज को हटवाकर शीघ्र ही नया तिरंगा राष्ट्रीय ध्वज संहिता के अनुरूप विधिवत तरीके से लगाया जाएगा। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन समय पर अपनी जिम्मेदारी निभाता, तो राष्ट्रध्वज की गरिमा को ठेस पहुंचने की स्थिति ही नहीं बनती।


राष्ट्रीय ध्वज संहिता के अनुसार तिरंगे की मर्यादा बनाए रखना प्रत्येक सरकारी संस्था और नागरिक का संवैधानिक दायित्व है। इसके बावजूद नगर पंचायत स्तर पर हुई यह चूक प्रशासनिक लापरवाही का उदाहरण मानी जा रही है। नागरिकों ने मांग की है कि जिम्मेदारों की जवाबदेही तय की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस व्यवस्था की जाए, ताकि राष्ट्रध्वज का सम्मान हर हाल में कायम रह सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *