हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। जनपद के श्यामदेउरवा थाने में तैनात हेड कांस्टेबल हिमांशु पति त्रिपाठी का बुधवार को लखनऊ में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा थाना परिसर सहित पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 जनवरी को हेड कांस्टेबल त्रिपाठी किसी आवश्यक कार्य से महराजगंज आए थे। कार्य समाप्त कर वह बाइक से श्यामदेउरवा थाने लौट रहे थे। इसी दौरान कोतवाली थाना क्षेत्र के बरवा विद्यापति के पास सामने से आ रही एक बाइक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोटें आ गईं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल जिला अस्पताल महराजगंज पहुंचाया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया, जहां से बाद में लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कई दिनों तक चले इलाज के बावजूद बुधवार को उन्होंने अंतिम सांस ले ली।
श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि हेड कांस्टेबल हिमांशु पति त्रिपाठी मूल रूप से देवरिया जिले के निवासी थे और वर्ष 1994 बैच के आरक्षी थे। करीब एक वर्ष पूर्व उनकी तैनाती श्यामदेउरवा थाने में हुई थी।
वह अपने सौम्य व्यवहार, अनुशासन और कर्तव्य के प्रति निष्ठा के लिए जाने जाते थे। उनकी असमय मृत्यु से पुलिस विभाग ने एक समर्पित और जिम्मेदार कर्मी को खो दिया है। साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।



