बैकुंठी घाट पर बेकाबू बालू ट्रैक्टर का कहर, स्नान को जा रहीं तीन महिलाओं को रौंदा

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स/आत्मा सिंह


घुघली/ महराजगंज : घुघली थाना क्षेत्र के बैकुंठी घाट पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। छोटी गंडक नदी के घाट पर कथित अवैध बालू परिवहन में लगे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने स्नान के लिए जा रहीं तीन महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।


बताया जा रहा है कि वार्ड संख्या-6 निवासी अलका विश्वकर्मा (23), शशिबाला (33) और वंदना (45) दासगात्र के अवसर पर घाट पर स्नान करने जा रही थीं। इसी दौरान बालू से लदी स्वराज ट्रैक्टर-ट्रॉली घाट की ओर तेज गति में पीछे की ओर लाई जा रही थी। अचानक संतुलन बिगड़ने से ट्रैक्टर महिलाओं की ओर बढ़ गया और तीनों को कुचलते हुए निकल गया।


हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, चालक ट्रैक्टर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।


घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश देखा गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बैकुंठी घाट पर लंबे समय से अवैध बालू ढुलाई का खेल चल रहा है, जिस पर नकेल न कसने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से दोषियों पर सख्त कार्रवाई और घाट क्षेत्र में बालू परिवहन पर रोक लगाने की मांग की है।


सूचना मिलते ही घुघली पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा फरार चालक की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *