हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
घुघली / महराजगंज : घुघली थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मेदिनीपुर में रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब नदी किनारे अंत्येष्टि स्थल के सामने स्थित पीपल के पेड़ से एक युवक का शव लटकता हुआ देखा गया। शव दिखाई देने की खबर गांव में आग की तरह फैल गई, जिससे मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक का शव पेड़ की डाल से रस्सी के सहारे झूल रहा था। ग्रामीणों ने बिना देर किए इसकी सूचना घुघली पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नीचे उतरवाया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
समाचार लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। अंत्येष्टि स्थल जैसे संवेदनशील स्थान के पास इस तरह की घटना से गांव में दहशत का माहौल है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
घुघली थाना प्रभारी कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच कर रही है और मृतक की पहचान कराने का प्रयास जारी है। मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है।


