हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
कोल्हुई/ महराजगंज : कहते हैं कुदरत जब कुछ अलग रचती है, तो वह मानव जीवन में आश्चर्य और उम्मीद दोनों छोड़ जाती है। ऐसा ही एक दुर्लभ और चमत्कारी मामला महराजगंज जनपद के कोल्हुई कस्बे में सामने आया, जहां एक निजी अस्पताल में पेट और सीने से जुड़े जुड़वा बच्चों का जन्म हुआ। जटिल चिकित्सकीय चुनौती के बावजूद सफल ऑपरेशन के बाद मां और दोनों नवजात पूरी तरह स्वस्थ हैं।
जिला मुख्यालय से करीब 42 किलोमीटर दूर कोल्हुई स्थित एपेक्स हॉस्पिटल में 38 वर्षीय मंजू शर्मा, निवासी बतावलपुर, ने ऐसे जुड़वा बच्चों को जन्म दिया, जिनके दो सिर हैं लेकिन शरीर सीने और पेट से जुड़ा हुआ था। इस असाधारण जन्म की सूचना मिलते ही अस्पताल में चिकित्सकों और लोगों की भीड़ जुट गई।
इस गंभीर और दुर्लभ मामले में एपेक्स हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अरशद के नेतृत्व में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने सूझबूझ और सटीक निर्णय के साथ सफल ऑपरेशन कर दोनों नवजातों को सुरक्षित निकाला। ऑपरेशन के बाद मां और दोनों शिशुओं की हालत स्थिर बताई जा रही है, जिन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है।
चिकित्सकों के अनुसार, यह मामला बेहद दुर्लभ श्रेणी में आता है। आंकड़ों के मुताबिक, डेढ़ से दो लाख मामलों में ऐसे एक-दो ही केस देखने को मिलते हैं और अधिकांश मामलों में बच्चों का जीवित रहना मुश्किल होता है। ऐसे में इस ऑपरेशन की सफलता को चिकित्सा क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि समय पर सही निर्णय, अनुभवी टीमवर्क और आधुनिक चिकित्सा संसाधनों के कारण यह जटिल ऑपरेशन सफल हो सका। इस उपलब्धि के बाद परिजनों ने डॉक्टरों और अस्पताल टीम के प्रति आभार जताया।


