सीडीपीओ के औचक निरीक्षण में खुली आंगनबाड़ी केंद्रों की लापरवाही, नौ कर्मी अनुपस्थित

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


परतावल/महराजगंज। विकासखंड परतावल में आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचीं बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) नीना गुप्ता को कई केंद्रों पर अनियमितताएं मिलीं। तीन आंगनबाड़ी केंद्रों के औचक निरीक्षण में चार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और पांच सहायिकाएं बिना सूचना के अनुपस्थित पाई गईं। इसके अलावा एक केंद्र पर आवश्यक अभिलेख भी उपलब्ध नहीं कराए जा सके। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीडीपीओ ने अनुपस्थित कर्मचारियों का मानदेय रोकने तथा कारण बताओ नोटिस जारी करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।


निरीक्षण की शुरुआत ग्राम पंचायत तरकुलवा तिवारी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र से हुई। यहां कार्यकर्ता अमीरुन निशा, रीता श्रीवास्तव और अनुराधा तथा सहायिकाएं उषा और मनीषा अनुपस्थित मिलीं। केंद्र पर केवल सहायिका गीता देवी मौजूद थीं, जबकि पांच बच्चे उपस्थित पाए गए।


इसके बाद सीडीपीओ कोटवा आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचीं। यहां कार्यकर्ता रुखसाना, सरोज पटेल और दयावती मौजूद थीं, लेकिन सहायिकाएं माधुरी देवी, पूनम यादव और कमलावती अनुपस्थित थीं। निरीक्षण के दौरान हार्ड कुक्ड वितरण पंजिका और टेक होम राशन (टीएचआर) रजिस्टर प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इस पर सीडीपीओ ने संबंधित कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए अभिलेख तत्काल उपलब्ध कराने और स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए।


मलमलिया उर्फ सिरसिया स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण में कार्यकर्ता विमला देवी अनुपस्थित मिलीं। वहीं कार्यकर्ता शशिबाला, रीमा उपाध्याय तथा सहायिकाएं प्रभावती देवी और विन्द्रवती देवी उपस्थित थीं। इस केंद्र पर 25 बच्चों की उपस्थिति दर्ज की गई।


सीडीपीओ नीना गुप्ता ने बताया कि निरीक्षण में बिना सूचना अनुपस्थित मिले चार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं पांच सहायिकाओं के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। उनका मानदेय भी बाधित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर लापरवाही और अनियमितता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *