पूर्व संध्या पर सघन चेकिंग अभियान शुरू, हर गतिविधि पर पैनी नजर
वाराणसी। गणतंत्र दिवस को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करते हुए कैंट रेलवे स्टेशन पर पूर्व संध्या से ही सघन चेकिंग अभियान की शुरुआत कर दी गई है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), जीआरपी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय व प्रवेश-निकास द्वारों पर कड़ी जांच की जा रही है।
अभियान के तहत यात्रियों के सामानों की तलाशी, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान, डॉग स्क्वायड व मेटल डिटेक्टर की मदद से चेकिंग की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए हर गतिविधि पर सतत निगरानी बनाए हुए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि गणतंत्र दिवस के मद्देनजर यह अभियान लगातार जारी रहेगा और यात्रियों से सहयोग की अपील की गई है। स्टेशन परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।


