हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
पनियरा / महाराजगंज । पनियरा विधानसभा क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित बभनौली-भटहट टू-लेन सड़क के निर्माण को लेकर बड़ी राहत की खबर सामने आई है। लंबे समय से वन विभाग की एनओसी और औपचारिकताओं के चलते रुका निर्माण कार्य अब जल्द शुरू होने जा रहा है।
मा० केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद पंकज चौधरी तथा पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह के प्रयासों से भटहट-घोड़हवा अन्य जिला मार्ग के जंगल वाले हिस्से (नटवा-बभनौली) के लिए वन विभाग को दिए जाने वाले ₹1 करोड़ 17 लाख की राशि शासन से प्राप्त हो गई है। इसके बाद सड़क निर्माण की प्रक्रिया में आ रही प्रमुख बाधा दूर हो गई है।
इस सड़क का अधिकांश भाग पहले ही बन चुका है, लेकिन जंगल क्षेत्र में करीब तीन किलोमीटर का निर्माण वन विभाग की अनुमति के अभाव में बीच में ही रुक गया था। इससे सड़क का एक हिस्सा तैयार हो गया, जबकि दूसरा हिस्सा अधूरा रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
अब शासन से आवश्यक धनराशि मिलने के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि वन विभाग की शेष औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण कार्य दोबारा शुरू होगा और सड़क को जल्द पूरा कराया जाएगा।
क्षेत्रीय जनता ने सड़क निर्माण शुरू होने की खबर पर खुशी जताते हुए कहा कि यह मार्ग पनियरा क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इसके पूर्ण होने से आवागमन सुगम होने के साथ क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।

