हर्षोदय टाइम्स / बिमलेश कुमार पाण्डेय
महराजगंज। घुघली नगर पंचायत क्षेत्र में चल रहा नाली निर्माण कार्य जनता के लिए परेशानी का सबब बन गया है। निर्माण के नाम पर सड़कों पर ईंट, गिट्टी, मलबा और नुकीले सरिया बेतरतीब ढंग से छोड़ दिए गए हैं, जिससे आवागमन करने वालों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लापरवाही की हद यह है कि कई स्थानों पर सड़कें पूरी तरह अवरुद्ध हो गई हैं, जिससे हादसों की आशंका लगातार बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार रोज़ाना स्कूली बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और दोपहिया वाहन चालक जान जोखिम में डालकर इन सड़कों से गुजरने को मजबूर हैं। कई जगह नालियों की खुदाई कर कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है, लेकिन न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही किसी प्रकार का सुरक्षा घेरा किया गया है। अंधेरे में स्थिति और भी भयावह हो जाती है।
नगरवासियों में इस स्थिति को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि आंख मूंदे हुए हैं। जनता ने मांग की है कि निर्माण कार्य में बरती जा रही लापरवाही पर तत्काल रोक लगाई जाए, सड़कों की साफ-सफाई कर सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से पहले हालात सुधारे जा सकें।


