अहिरौली में सड़कों पर बह रहा नाली का गंदा पानी, ग्रामीणों में आक्रोश

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



अहिरौली में सड़कों पर बह रहा नाली का गंदा पानी, ग्रामीणों में भारी आक्रोश


हर्षोदय टाइम्स / बिमलेश कुमार पाण्डेय


महाराजगंज। घुघली विकास खंड अंतर्गत अहिरौली गांव में नालियों की बदहाल व्यवस्था ने ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया है। गांव की सड़कों पर नालियों का गंदा पानी बह रहा है, जिससे पूरे इलाके में गंदगी और दुर्गंध फैल गई है। हालात इतने खराब हैं कि गांव की सड़कें जलमग्न हो चुकी हैं और आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।


ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम पंचायत और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक न तो नालियों की सफाई कराई गई और न ही जल निकासी की कोई ठोस व्यवस्था की गई। गंदे पानी के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।


ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बदबू और कीचड़ के बीच गुजरना मजबूरी बन गया है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।


ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही सड़क से गंदे पानी की निकासी और नालियों की मरम्मत नहीं कराई गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों का सवाल है कि क्या प्रशासन केवल आश्वासन देने तक ही सीमित रह गया है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *