हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज। जिलाधिकारी महोदय द्वारा विकास खंड घुघली अंतर्गत निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, मेदिनीपुर का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय के मुख्य भवन, डोरमेट्री एवं मल्टीपरपज हॉल का गहन अवलोकन किया। ईंटों की गुणवत्ता प्रथमदृष्टया उपयुक्त न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने तत्काल उन्हें बदलने के निर्देश दिए और निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न करने की सख्त हिदायत दी।
जिलाधिकारी ने परिसर में विद्युत कनेक्शन के लिए झटपट पोर्टल पर शीघ्र आवेदन करने तथा कार्यदाई संस्था सीएनडीएस से समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। डोरमेट्री का निर्माण कार्य प्रारंभ न होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे तत्काल शुरू कराने का आदेश दिया। साथ ही निर्माण कार्य की प्रगति में तेजी लाने और सभी कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। विद्यालय परिसर में पीएसबी बोर्ड को स्पष्ट, आकर्षक एवं बड़े आकार में लगाए जाने के भी निर्देश दिए गए।
उल्लेखनीय है कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का निर्माण लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है, जो जनपद में बेसिक शिक्षा विभाग की अब तक की सबसे बड़ी परियोजना है। इसके उपरांत जिलाधिकारी द्वारा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, घुघली का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने कक्षा कक्ष, रसोई, स्मार्ट क्लास रूम, हॉस्टल सहित अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और निर्देश दिए कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ बालिकाओं के लिए सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण, मीना मंच जैसे कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुश्री ऋद्धि पांडेय सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


