सावित्री पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया बसंत उत्सव, लक्ष्मी नारायण सभागार का हुआ उद्घाटन

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महाराजगंज जनपद के नगर पंचायत परतावल स्थित सावित्री पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को बसंत उत्सव का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं सांस्कृतिक वातावरण के बीच मनाया गया। विद्यालय परिसर पुष्प सज्जा एवं उल्लासपूर्ण माहौल से सराबोर नजर आया। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने बसंत ऋतु के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विविध शैक्षणिक व सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर विद्यालय परिसर में नवनिर्मित लक्ष्मी नारायण सभागार का विधिवत उद्घाटन विद्यालय के चेयरमैन श्री एल. एन. पांडेय द्वारा किया गया। उद्घाटन के पश्चात विद्या की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती का विधिवत पूजन-अर्चन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान उपस्थित अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने माँ सरस्वती से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, बौद्धिक उन्नति एवं ज्ञान-विकास की कामना की।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में विद्यालय द्वारा आयोजित विज्ञान प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त कर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह एवं आत्मविश्वास देखने को मिला। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों में रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच तथा प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का विकास होता है।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती प्रीति पांडेय ने सभी अभिभावकों, शिक्षकों एवं छात्रों को बसंत पंचमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बसंत ऋतु नई ऊर्जा, ज्ञान और सकारात्मकता का प्रतीक है, जो विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *