महराजगंज के विद्यालय व रोटरी क्लब के संयुक्त कार्यक्रम में साझा करेंगी सफलता के मंत्र
हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज- सिसवा में शनिवार, 17 जनवरी को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें पूर्व आईएएस अधिकारी एवं सुप्रसिद्ध शिक्षाविद डॉ. तनु जैन शिरकत करेंगी। यह कार्यक्रम सिसवा कस्बा स्थित आरपीआईसी स्कूल और रोटरी क्लब निचलौल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है, जहां डॉ. जैन मुख्य वक्ता के रूप में छात्रों का मार्गदर्शन करेंगी।

पूर्व आईएएस अधिकारी होने के साथ-साथ डॉ. तनु जैन प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान ‘तथास्तु’ की संस्थापक हैं। उनके मॉक इंटरव्यू से जुड़े अनेक वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से लोकप्रिय हैं और उनके मार्गदर्शन में अब तक कई अभ्यर्थी सिविल सेवा में चयनित हो चुके हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें भारत सरकार द्वारा कई सम्मानों से भी सम्मानित किया जा चुका है। कार्यक्रम के दौरान वह विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर देंगी और उन्हें करियर निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां देंगी।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए रोटेरियन एवं आरपीआईसी स्कूल के संचालक डॉ. पंकज तिवारी ने बताया कि इस अवसर पर दिल्ली में कार्यरत प्रसिद्ध शिक्षाविद एवं आईएएस अधिकारी वात्सल्य पंडित की भी विशेष उपस्थिति रहेगी। साथ ही आरपीआईसी स्कूल के विद्यार्थियों एवं कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। यह आयोजन अवंतिका मैरिज हॉल में दोपहर 2:30 बजे से प्रारंभ होगा।

