राष्ट्रीय युवा दिवस पर कबड्डी का रोमांच, श्यामदेऊरवां की टीमों ने मारी बाज़ी

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

बालक व बालिका वर्ग में श्यामदेऊरवां विजेता, नशामुक्ति की ली शपथ

परतावल /महराजगंज । राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर युवा कल्याण एवं प्रांतीय विकास दल विभाग, महाराजगंज के तत्वावधान में महंत अवैद्यनाथ मिनी स्टेडियम, श्यामदेऊरवां (परतावल) में बालक व बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्साह, अनुशासन और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।


बालिका वर्ग में श्यामदेऊरवां मिनी स्टेडियम की टीम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि बनकटा (कुशीनगर) की टीम उपविजेता रही। वहीं बालक वर्ग में भी श्यामदेऊरवां मिनी स्टेडियम की टीम ने शानदार जीत दर्ज कर प्रथम स्थान हासिल किया और बनकटा (कुशीनगर) की टीम उपविजेता बनी।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महात्मा गांधी पब्लिक स्कूल, परतावल के प्रिंसिपल महाजन गुप्ता उपस्थित रहे। उनके साथ जनार्दन यादव (कबड्डी कोच, कप्तानगंज), विजय साहनी, युवक मंगल दल अध्यक्ष रंजीत निषाद (ग्राम रामपुर चकिया), रामजीव सिंह (टीम मैनेजर, बनकटा), कोच सी.पी.एन. सिंह सहित क्षेत्र के अनेक खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे। स्थानीय खिलाड़ियों में अभय सिंह, श्याम बाबू, राहुल शर्मा, दीपक, धीरज, सुनैना, भारती, चांदनी आदि की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।


इस अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस के संदेश को आत्मसात करते हुए उपस्थित सभी खिलाड़ियों ने नशामुक्ति की शपथ ली और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया।


कार्यक्रम के समापन पर क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी परतावल जितेंद्र कुमार सिंह ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों व सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए प्रतियोगिता को सफल घोषित किया। आयोजन ने युवाओं में खेल के प्रति जागरूकता और अनुशासन की भावना को और मजबूत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *