उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रधान ,रोजगार सेवक ,क्षेत्र पंचायत सदस्य,तकनीकी सहायक, ग्राम सचिव एवं महिला मेट सम्मानित
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
पनियरा/महराजगंज। विकास खंड स्तर पर सोमवार को ब्लॉक सभागार में विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) (वीबीजी राम जी) योजना के तहत पंच सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख वेद प्रकाश शुक्ला ने की। इस दौरान योजना के तहत अधिक से अधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने वाली ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, रोजगार सेवकों, तकनीकी सहायकों, ग्राम सचिवों एवं महिला मेट को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में राजमंदिर, मोहद्दीनपुर, गेहुंआना, रजौड़ा पंजुम, नेवासपोखर, कनैला, मौलागंज, इलाहाबाद समेत विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों को बेहतर कार्य के लिए सम्मानित किया गया। ग्राम पंचायत सूचितपुर के ग्राम प्रधान रामनिवास साहनी को ग्राम पंचायत की करीब दो एकड़ भूमि को कब्जामुक्त कराने तथा मनरेगा के माध्यम से उसकी बाउंड्रीवाल का निर्माण कराने के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में श्रमिकों को 125 दिनों की रोजगार गारंटी उपलब्ध कराने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर प्रभावी ढंग से कार्य करने का आह्वान किया गया। अधिकारियों ने ग्राम प्रधानों और संबंधित कर्मचारियों से योजनाओं का पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की अपील की।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष देवेंद्र गिरी, खंड विकास अधिकारी पनियरा अमिय कुमार शशि सहित ब्लॉक के अधिकारी-कर्मचारी, लेखपाल, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, रोजगार सेवक, तकनीकी सहायक एवं महिला मेट मौजूद रहे।



