पति ने फोन पर दिया तीन तलाक, दहेज के लिए विवाहिता को पीटकर घर से निकाला

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

पति समेत छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज

हर्षोदय टाइम्स / विवेक कुमार पाण्डेय

भिटौली/महराजगंज।भिटौली थाना क्षेत्र के तरकुलवा तिवारी गांव की नवविवाहिता शबनम ने अपने पति पर फोन पर तीन तलाक देने तथा ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए मारपीट कर घर से निकालने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


शबनम ने अपनी शिकायत में बताया कि अप्रैल 2024 में उसका विवाह गांव के ही नुरसेद से हुआ था। शादी के समय उसके पिता द्वारा लगभग तीन लाख रुपये नकद, ससुराल पक्ष के सभी सदस्यों को सोने की अंगूठियां तथा एक सोने की चेन दी गई थी। इसके बावजूद शादी के कुछ दिनों बाद से ही ससुराल वाले कम दहेज का ताना देने लगे।


विवाह के एक माह बाद पति उसे बाहर काम पर ले गया। गर्भवती होने की जानकारी मिलने पर ससुर वहां पहुंचे और जबरन उसे गांव वापस ले आए। गांव आने के बाद भी दहेज को लेकर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना जारी रही। इस बीच शबनम ने एक बच्चे को जन्म दिया। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने डेढ़ लाख रुपये नकद और एक बुलेट मोटरसाइकिल की अतिरिक्त मांग करते हुए उसे घर से निकाल दिया।


पीड़िता अपने मायके में रहने लगी। पंचायत में यह तय हुआ कि पति के घर लौटने तक उसे बच्चे के पालन-पोषण के लिए पांच हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। पति के गांव लौटने पर शबनम अपने बच्चे के साथ ससुराल पहुंची, लेकिन दहेज न मिलने का हवाला देकर उसे घर में प्रवेश नहीं करने दिया गया। विवाद के बाद पति पुनः बाहर चला गया।


पीड़िता किसी तरह गुजर-बसर कर रही थी। आरोप है कि पांच दिसंबर 2025 को आवश्यक सामान के लिए वह अपने दुधमुंहे बच्चे के साथ ससुराल पहुंची, लेकिन काफी देर तक गेट नहीं खोला गया। जब उसने घर में प्रवेश की जिद की तो सास ने फोन पर पति से बात कराई, जिस पर पति ने फोन पर ही तीन तलाक बोल दिया। इसके बाद ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट कर उसे घर से बाहर निकाल दिया।


इस संबंध में थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि विवाहिता की तहरीर पर पति नुरसेद, ससुर हसमत अली, सास तरीकुन निशा, भसुर खुरसेद, उरसेद तथा जेठानी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *