अचानक मोड़ बना हादसे की वजह, कार सवार दो लोग जख्मी

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


परतावल/ महाराजगंज। शुक्रवार की दोपहर सड़क पर एक पल की लापरवाही बड़ा हादसा बन गई। अमवा बसहिया स्थित धर्मकांटा के समीप ट्रैक्टर-ट्रॉली के अचानक मुड़ने से पीछे चल रही ऑल्टो कार उससे जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार में सवार दो लोग घायल हो गए।


घटना करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। निचलौल थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 01 झिंगनहवा निवासी राजू सैनी अपने परिजनों के साथ गोरखपुर से इलाज कराकर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार धर्मकांटा के पास पहुंची, तभी ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने बिना संकेत दिए वाहन मोड़ दिया, जिससे हादसा हो गया।


कार में कुल पांच लोग सवार थे। टक्कर में रामकृपाल चौहान (55) पुत्र सुग्रीव चौहान और पूर्णवासी सैनी (60) पुत्र बहादुर को चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस द्वारा परतावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया।


सूचना पर परतावल चौकी के उपनिरीक्षक अंकित चौरसिया मौके पर पहुंचे और दुर्घटना की जानकारी जुटाई। हादसे के बाद कुछ देर तक मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *