श्रावण मेले में चेन स्नेचिंग करने वाली छह महिलाएं जेल भेजी गईं

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


गोपलापुर शाह शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ का उठाया था फायदा, किसी अधिवक्ता ने नहीं ली पैरवी

हर्षोदय टाइम्स / सुनील मणि त्रिपाठी


महराजगंज/फरेंदा। श्रावण मास में प्रसिद्ध गोपलापुर शाह शिव मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच कथित रूप से चेन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देने के आरोप में गिरफ्तार छह महिलाओं को मंगलवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट फरेंदा की अदालत में पेश किया गया। न्यायालय ने उपलब्ध तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर सभी आरोपित महिलाओं को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का आदेश दिया।


जानकारी के अनुसार, बीते दिन श्रावण मास के अवसर पर मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर कुछ महिलाओं द्वारा श्रद्धालुओं के गले से चेन उड़ाने का प्रयास किया गया। एक पीड़ित महिला ने शोर मचाया, जिससे कुछ देर के लिए मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसके बाद पीड़िता ने फरेंदा कोतवाली में घटना की सूचना दी।


सूचना मिलते ही फरेंदा पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान छह महिलाओं की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने अपराध संख्या 214/2026 एवं 215/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) एवं 317(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया।


मंगलवार को न्यायालय में सुनवाई के दौरान अदालत परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं ने भी इस प्रकार की वारदातों पर नाराजगी जताई। बताया गया कि किसी भी अधिवक्ता ने आरोपित महिलाओं की ओर से जमानत प्रार्थना पत्र प्रस्तुत नहीं किया। इसके बाद न्यायालय ने सभी महिलाओं को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।


पुलिस का कहना है कि श्रावण मास में मंदिरों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी गई है तथा श्रद्धालुओं से भी सतर्क रहने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *