शीतलहर का प्रकोप, बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर भारी पड़ रही ठंड

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स / विवेक कुमार पाण्डेय

महाराजगंज जनपद में लगातार बढ़ रही ठंड ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। सर्द हवाओं और गिरते तापमान के कारण लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं। ठंड का सबसे अधिक असर बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है, जिससे अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है।


जिला अस्पताल समेत सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर सर्दी-खांसी, जुकाम, बुखार और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की भारी भीड़ उमड़ रही है। सुबह से ही ओपीडी में लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। बच्चों में सर्दी-जुकाम और बुखार के मामले बढ़ रहे हैं, वहीं बुजुर्गों में अस्थमा, जोड़ों के दर्द और हृदय संबंधी जटिलताएं बढ़ी हैं।


सीएमएस व वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. ए.के. द्विवेदी ने बताया कि ठंड से प्रभावित मरीजों की संख्या में करीब 50 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि सर्दी-खांसी को हल्के में लेना खतरनाक हो सकता है, क्योंकि यह निमोनिया जैसी गंभीर बीमारी का रूप ले सकती है।


डॉ. द्विवेदी ने लोगों से अपील की कि ठंड में गर्म कपड़ों का पूरा उपयोग करें, ठंडे पानी व ठंडी हवा से बचें, पौष्टिक और विटामिन-सी युक्त भोजन लें तथा बच्चों व बुजुर्गों को विशेष सावधानी में रखें। सांस लेने में तकलीफ, तेज बुखार या लगातार खांसी की स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लें।


प्रशासन की ओर से जिला अस्पताल में अतिरिक्त स्टाफ, दवाओं और हीटर की व्यवस्था की गई है। वहीं मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों तक ठंड बरकरार रहने की संभावना जताई है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *