हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज, 4 अगस्त। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से महराजगंज पुलिस ने मंगलवार को “जीरो फैटलिटी डिस्ट्रिक्ट (ZFD)” अभियान के तहत विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर थाना घुघली क्षेत्र के चिन्हित संवेदनशील मार्गों पर यातायात पुलिस और घुघली थाने की क्रिटिकल कॉरिडोर टीम ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान संचालित किया। इस दौरान इंटरसेप्टर वाहन में लगी आधुनिक स्पीड राडार गन की सहायता से गुजरने वाले वाहनों की गति मापी गई।
जांच के दौरान निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार से चल रहे वाहनों को चिन्हित कर उनके चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित गति से वाहन चलाने की भी सलाह दी।
यातायात पुलिस का कहना है कि ओवरस्पीड सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण है। ऐसे में दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए स्पीड राडार गन के माध्यम से नियमित रूप से अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।


