सीसीटीवी और पुलिस की सतर्कता से कुछ ही घंटों में खुलासा, चोरी के आभूषण व नकदी बरामद
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। फरेंदा थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध गोपलापुर शाह शिव मंदिर में सावन सोमवार के दौरान श्रद्धालु महिलाओं के गले से चेन चोरी करने वाले महिला गिरोह का पुलिस ने कुछ ही घंटों में पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने छह महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दो चेन समेत अन्य पीली धातु के आभूषण और 1,850 रुपये नकद बरामद किए हैं। सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तथा क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा वर्मा के निर्देशन में फरेंदा पुलिस ने गोपलापुर शाह जंगल के पास से छह महिला आरोपितों को गिरफ्तार किया। सभी के विरुद्ध थाना फरेंदा में दर्ज मुकदमा संख्या 214/2026 एवं 215/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) एवं 317(2) के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार सोमवार को सावन के अवसर पर गोपलापुर शाह शिव मंदिर में दर्शन करने पहुंचीं पोखराभिंडा निवासी सुनैना जायसवाल और लाजपत नगर निवासी मीरा देवी के गले से भीड़ का फायदा उठाकर चेन चोरी कर ली गई थी। सूचना मिलते ही मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की मदद से कुछ ही समय में सभी आरोपित महिलाओं को पकड़ लिया गया।
जामा तलाशी के दौरान पुलिस ने दो चोरी की चेन, एक जोड़ी कान की झाली, दो जोड़ी बालियां, एक लॉकेट, एक मंगलसूत्र तथा 1,850 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिलाओं में कुछ के विरुद्ध बस्ती और गोंडा जनपदों में भी चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। जांच के दौरान एक महिला की पहचान यक्ष एप से स्कैन करने पर दूसरे नाम से भी सामने आई, जिसके खिलाफ पूर्व में भी चोरी के मामले दर्ज पाए गए।
गिरफ्तार आरोपितों में सुषमा, नेहा, सरोज, दीपमाला, पुष्पा और रीना शामिल हैं। पुलिस ने सभी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक गोविंदर यादव, उपनिरीक्षक सौरभ पटेल सहित महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की टीम शामिल रही।

