राज्य ताइक्वांडो में हाजी अजहर खान इंटर कॉलेज का जलवा, पांच पदक किए अपने नाम

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

नीलू पांडेय ने जीता स्वर्ण, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई; डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। राज्यस्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में हाजी अजहर खान इंटर कॉलेज, उसका (पनियरा) के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक जीतकर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।


प्रतियोगिता के कैडेट गर्ल्स अंडर-37 किलोग्राम वर्ग में नीलू पांडेय ने स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया। वहीं आराध्या पटेल ने कैडेट गर्ल्स अंडर-37 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक हासिल किया।
इसके अलावा राजनंदनी वर्मा ने जूनियर गर्ल्स अंडर-46 किलोग्राम, अंशिका पटेल ने जूनियर गर्ल्स अंडर-42 किलोग्राम तथा नीतू यादव ने कैडेट गर्ल्स अंडर-41 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीतकर विद्यालय की उपलब्धियों में चार चांद लगा दिए।


विद्यालय के खिलाड़ियों ने कुल पांच पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंधक मुहम्मद सलीम खान ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम पूरे विद्यालय, परिवार और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने पदक विजेताओं को सम्मानित करते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की और राष्ट्रीय प्रतियोगिता सहित आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *