नौतनवां पुलिस को नववर्ष के पहले दिन बड़ी सफलता, तीन बाइक चोर गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स/आत्मा सिंह


महराजगंज। पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना के निर्देश पर चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नौतनवां पुलिस को नववर्ष के पहले ही दिन बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान तीन बाइक चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ एवं क्षेत्राधिकारी नौतनवां अंकुर गौतम के मार्गदर्शन में थानाध्यक्ष नौतनवां के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 1 जनवरी 2026 की रात लगभग 1: 30 बजे बैरिया बाजार चौराहा, ग्राम चण्डीथान के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान मुखबिर द्वारा प्राप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को मौके से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नागेश्वर प्रजापति पुत्र हनुमान निवासी पैसिया कोनघुसरी, थाना नौतनवां (उम्र लगभग 19 वर्ष) तथा अरुण राजपूत पुत्र संतराम निवासी पालिका नंबर 08 हसनापुर, थाना शिषपुरा बाजार, जिला रूपनदेही (नेपाल) (उम्र लगभग 20 वर्ष) के रूप में हुई है। इनके साथ एक लगभग 13 वर्षीय बाल अपचारी को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन चोरी की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें से एक मोटरसाइकिल बिना नंबर प्लेट की पाई गई। गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। इनके विरुद्ध मु.अ.सं. 254/25 धारा 303(2), 317 (2) बीएनएस थाना नौतनवां तथा मु.अ.सं. 261/25 धारा 303(2) बीएनएस थाना कोतवाली सिद्धार्थनगर में मुकदमे दर्ज हैं।

इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक जय प्रकाश सिंह, उपनिरीक्षक मनीष कुमार, हेड कांस्टेबल सतीश कुमार, कांस्टेबल सुनील सिंह एवं कांस्टेबल अनुराग यादव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *