बुधवार से थे गायब, बृहस्पतिवार सुबह ग्रामीणों ने जंगल में देखा शव; पोस्टमार्टम के बाद खुलेगा मौत का राज
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज जनपद के पनियरा थाना क्षेत्र के बभनौली गांव में बुधवार से लापता 60 वर्षीय बुजुर्ग का शव बृहस्पतिवार सुबह स्थानीय जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बभनौली गांव निवासी जफरुद्दीन (60) पुत्र शकील बुधवार दोपहर अचानक घर से निकल गए थे। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटे तो परिजन चिंतित हो उठे। रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में काफी खोजबीन की गई, लेकिन उनका कहीं कोई पता नहीं चल सका।
बृहस्पतिवार की सुबह गांव के कुछ लोग जंगल की ओर गए तो वहां एक शव पड़ा दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान जफरुद्दीन के रूप में कराई। मृतक ठेले पर सब्जी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
परिजनों के अनुसार, जफरुद्दीन अपने पीछे पत्नी दुगना, दो बेटे नजीरुद्दीन व अस्लाम और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।


