पति के वियोग में पत्नी ने भी तोड़ा दम, एक साथ जली दंपत्ति की चिता
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
पनियरा/महाराजगंज- जनपद के पनियरा नगर पंचायत क्षेत्र में नववर्ष का दिन एक परिवार के लिए गहरे शोक में बदल गया। वार्ड नंबर 10 दीन दयाल नगर में रहने वाले बुजुर्ग दंपत्ति की कुछ ही मिनटों के अंतराल पर हुई मौत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया।
पनियरा निवासी 70 वर्षीय लालमन सिंह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। बुधवार रात भोजन के बाद वे रोज की तरह सोने चले गए। गुरुवार सुबह जब उनकी पत्नी 62 वर्षीय रूमाली देवी ने उन्हें जगाने का प्रयास किया तो कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। पति के निधन का अहसास होते ही रूमाली देवी बेसुध होकर रोने लगीं। उनकी चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग घर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पति के वियोग से टूट चुकी रूमाली देवी ने दो-तीन बार जोर से पुकार लगाई और अचानक अचेत होकर गिर पड़ीं। परिजन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही उन्होंने भी दम तोड़ दिया। एक ही घर में पलभर में दो मौतों से परिजन गहरे सदमे में हैं।

स्वर्गीय लालमन सिंह और रूमाली देवी अपने पीछे तीन बेटे जगदीश, प्रदीप और संदीप का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। दंपत्ति का अंतिम संस्कार भौराबारी पुल के समीप रोहिन नदी के तट पर किया गया, जहां दोनों को एक ही चिता पर अंतिम विदाई दी गई। इस मार्मिक दृश्य ने मौजूद हर आंख को नम कर दिया।

