चार दिन पहले दोस्त संग निकला था प्रदीप, नाले में घायल मिलने के बाद इलाज के दौरान मौत; आरोपी युवक हिरासत में, गांव में पुलिस तैनात
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज जिले के पनियरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा चंदनचाफी में एक युवक की संदिग्ध मौत के बाद शनिवार को हालात तनावपूर्ण हो गए। इलाज के दौरान युवक की मौत के बाद जब शव गांव पहुंचा तो परिजन आक्रोशित हो उठे और अंतिम संस्कार से इनकार करते हुए शव को घर में ही रख लिया। मृतक के साथ गए युवक पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
मृतक की पहचान प्रदीप पासवान (25) पुत्र निवासी ग्राम चंदनचाफी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक प्रदीप 23 दिसंबर को गांव के ही युवक साहिल के साथ मोटरसाइकिल से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। अगले दिन बैगहिया गांव के पास एक नाले में वह अपनी बाइक के साथ गंभीर हालत में पड़ा मिला। पहले परतावल, फिर महराजगंज जिला अस्पताल और बाद में मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में इलाज के दौरान शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई।
शनिवार को शव गांव पहुंचते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने युवक साहिल पर घटना को लेकर संदेह जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पनियरा पुलिस के साथ सीओ सदर जय प्रकाश त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर स्थिति संभाली। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के चलते पनियरा और श्यामदेउवा थानों की पुलिस फोर्स गांव में तैनात कर दी गई है। पुलिस के अनुसार मृतक के साथ गए युवक को हिरासत में लेकर जांच की जा रही है, आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी।


