हर्षोदय टाइम्स/विवेक कुमार पाण्डेय
महराजगंज: भिटौली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत डेरवां के निवासी 60 वर्षीय व्यक्ति की अजमेर शरीफ दरगाह में अचानक तबीयत बिगड़ने से मृत्यु हो गई। परिजनों के अनुसार वह ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह पर चादर चढ़ाने और दुआ मांगने के लिए बीते बृहस्पतिवार को घर से रवाना हुए थे।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को अजमेर में नल से नहाते समय जैसे ही उन्होंने अपने ऊपर पानी डाला, अचानक गिर पड़े। उनके साथ उनके बहनोई हरीश, निवासी बसंतपुर, भी मौजूद थे। स्थानीय लोगों के अनुसार अत्यधिक ठंड लगने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।
मृतक सिसवा मुंशी चौराहे पर रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाते थे। उनके चार बच्चे हैं, जिनकी शादी हो चुकी है और सभी के अपने-अपने परिवार हैं। सबसे बड़े पुत्र जिब्रील (उम्र लगभग 38 वर्ष) सऊदी अरब में रोज़गार के सिलसिले में रहते हैं। पिता की मृत्यु की सूचना मिलते ही वे फ्लाइट से भारत के लिए रवाना हो गए हैं।
परिजनों के अनुसार जिब्रील के आज शाम लगभग 5 बजे तक घर पहुंचने की संभावना है, जिसके बाद मृतक का अंतिम संस्कार किया जाएगा। गांव में शव पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

