परतावल में विराट हिन्दू सम्मेलन बना सामाजिक एकता का मंच, उमड़ा आस्था और संगठन का सैलाब

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


सनातन परंपरा में ही लोककल्याण और समानता का मार्ग निहित : महामंडलेश्वर महेश योगी

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


परतावल (महाराजगंज)। पनियरा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत परतावल स्थित पंचायत इंटरमीडिएट कॉलेज का परिसर उस समय जनआस्था, सांस्कृतिक चेतना और संगठनात्मक ऊर्जा का साक्षी बना, जब “विराट हिन्दू सम्मेलन” में हजारों की संख्या में लोगों की सहभागिता देखने को मिली। क्षेत्र के विभिन्न वर्गों से आए लोगों ने सम्मेलन को ऐतिहासिक रूप देते हुए इसे सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बना दिया।


कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक आचार्यों द्वारा शंखनाद, मां भारती के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। पूरे वातावरण में वैदिक मंत्रोच्चार और राष्ट्रभाव की गूंज सुनाई दी। कार्यक्रम का सधे हुए अंदाज में संचालन जीवेश मिश्रा ने किया।


सम्मेलन के दौरान अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे रघुनाथ गुप्ता को व्यापार मंडल अध्यक्ष बलराम गुप्ता ने अंगवस्त्र व साफा पहनाकर सम्मानित किया। महामंडलेश्वर महेश योगी का स्वागत वैदिक आचार्य डॉ. रंगनाथ त्रिपाठी ने किया, जबकि मुख्य अतिथि प्रांत प्रचारक रमेश जी ‘भाई साहब’ का अभिनंदन पूर्व महामंत्री डीडीयू डॉ. अंशुमान त्रिपाठी द्वारा किया गया। मातृशक्ति के रूप में जयंती त्रिपाठी का स्वागत अध्यापिका प्रीति ने किया। कार्यक्रम में पंचायत इंटरमीडिएट कॉलेज की प्रबंधक जयंती त्रिपाठी एवं प्रतिष्ठित व्यवसायी रघुनाथ गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही।


मुख्य वक्ता महामंडलेश्वर महेश योगी ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा कि सनातन धर्म ही वह मार्ग है, जिसमें लोककल्याण, सामाजिक समरसता और समानता के अधिकार सुरक्षित हैं। उन्होंने समाज को सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ते हुए राष्ट्रहित में संगठित रहने का आह्वान किया।


वहीं मुख्य अतिथि प्रांत प्रचारक रमेश जी ‘भाई साहब’ ने संगठन की मजबूती पर बल देते हुए कहा कि सकारात्मक सोच, अनुशासन और सेवा भाव से ही समाज को सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का आग्रह किया।


विद्यालय प्रबंधन परिवार की ओर से जयंती त्रिपाठी ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं विशाल जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सम्मेलन की सफलता के लिए सभी का अभिनंदन किया।


इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अशोक उर्फ संजय पाण्डेय, पनियरा विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सिद्धार्थनगर लालजी त्रिपाठी उर्फ ‘पीढ़ा बाबा’, संरक्षक धीरेन्द्र कृष्ण त्रिपाठी, चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया, युवा नेता  निर्भय सिंह, ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा, समाजसेवी अमन शांडिल्य, हिन्दू नेता काशीनाथ सिंह, अर्जुन सिंह, गोल्डन पटेल,  कौशल श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष विवेक पटेल, महामंत्री अजय गौतम सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


सम्मेलन के सफल आयोजन में जिला प्रचारक अनिल जी एवं नगर प्रचारक आदर्श की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही। सम्मेलन ने परतावल को एक बार फिर सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक जागरण के केंद्र के रूप में स्थापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *