नियुक्ति प्रक्रिया में अनियमितता पाए जाने पर बर्खास्तगी, एफआईआर के निर्देश से मचा हड़कंप
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महाराजगंज । परतावल क्षेत्र में फर्जी तरीके से की गई नियुक्ति का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। प्राथमिक विद्यालय पिपरा खादर में तैनात एक सहायक शिक्षक की नियुक्ति को अवैध मानते हुए उसे तत्काल प्रभाव से सेवा से हटा दिया गया है। इसके साथ ही संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि नियुक्ति प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुई थीं। परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय, प्रयागराज से गड़बड़ी की पुष्टि होने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए नियुक्ति को शुरू से ही निरस्त कर दिया। इस निर्णय के बाद जिले के शिक्षा महकमे में हलचल तेज हो गई है।
खंड शिक्षा अधिकारी परतावल ने बताया कि विभाग को निर्देश मिले हैं कि बर्खास्त किए गए सहायक शिक्षक के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विभाग का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की फर्जीवाड़े या नियमों की अनदेखी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शिक्षा विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि आगे भी नियुक्तियों की गहन जांच जारी रहेगी और यदि कहीं भी अनियमितता पाई गई तो दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। यह कार्रवाई शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने की दिशा में अहम मानी जा रही है।

