ग्रामीण पत्रकारों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को सौंपा गया ज्ञापन

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


मान्यता, सुरक्षा और सुविधाओं की मांग, विधायक के माध्यम से सरकार तक पहुंची आवाज

महराजगंज। ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों की लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की ओर से माननीय मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन जिला अध्यक्ष शेषमणि पाण्डेय एवं तहसील अध्यक्ष विवेक कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह (विधानसभा क्षेत्र 319 पनियरा) के माध्यम से भेजा गया, जिसे युवा भाजपा नेता निर्भय सिंह उर्फ प्रेम शंकर सिंह को सौंपा गया।

ज्ञापन में बताया गया कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकारों का प्रदेश का सबसे बड़ा संगठन है, जिसकी सक्रिय इकाइयां प्रदेश के 18 मंडलों, 75 जनपदों और 551 तहसीलों में कार्यरत हैं। इसके बावजूद ग्रामीण पत्रकारों को न तो समुचित सरकारी सुविधाएं मिल पा रही हैं और न ही उनकी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित हो सकी है।

प्रमुख मांगें


ज्ञापन के माध्यम से तहसील स्तर पर पत्रकारों को मान्यता देने, पत्रकार हितों की रक्षा के लिए जिला, मंडल व तहसील स्तर पर स्थायी समितियों के गठन, ग्रामीण पत्रकारों को आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुविधा तथा रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई। साथ ही प्रदेश स्तरीय मान्यता एवं विज्ञापन समितियों में संगठन के प्रतिनिधियों को शामिल किए जाने का भी आग्रह किया गया।

अन्य महत्वपूर्ण बिंदु


ज्ञापन में लखनऊ स्थित दारुलशफा में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन को निःशुल्क कार्यालय उपलब्ध कराने, ग्रामीण पत्रकार आयोग के गठन तथा पत्रकारिता के दौरान उत्पन्न विवादों में एफआईआर दर्ज करने से पूर्व सक्षम अधिकारी द्वारा निष्पक्ष जांच सुनिश्चित किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।

संगठन ने मुख्यमंत्री से सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया है। ग्रामीण पत्रकारों को उम्मीद है कि प्रदेश सरकार उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र ठोस कदम उठाएगी।

इस अवसर पर पत्रकार रतन पाण्डेय, दीपू रावत, राममिलन गुप्ता, निशांत अहमद, सतीश आनंद मिश्र, शत्रुघ्न पाण्डेय तथा विधायक मीडिया प्रभारी कौशल श्रीवास्तव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *